खागा, फतेहपुर। विजयीपुर विकास खंड के अंजना भैरों गांव स्थित अंजनी गौशाला में गंभीर लापरवाही मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गौशाला परिसर के तालाब में मृत गोवंशों को फेंके जाने की जानकारी मिलने पर मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया व्यवस्थागत लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सचिव प्रवीण कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) साधना दीक्षित ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पष्ट किया कि गौशालाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों की देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है। यदि कहीं भी लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि अंजनी गौशाला के तालाब में मृत गोवंशों को फेंके जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया था। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर जांच कराई गई। जांच के दौरान व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आने पर सचिव प्रवीण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया। डीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा गोवंशों के रख-रखाव, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जिम्मेदार कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

