पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे बेजुबान
बल्दीराय/सुलतानपुर। भीषण गर्मी और आसमान से बरसती आग ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। ऐसे में जहां लोग किसी तरह पानी का इंतजाम कर अपनी प्यास बुझा रहे हैं, वहीं बेजुबान पशु-पक्षियों के सामने जीवन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से बनाए गए अमृत सरोवर आज स्वयं पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।
बल्दीराय विकासखंड की ग्राम पंचायत दुर्गापुर में बने अमृत सरोवर की स्थिति भी चिंताजनक है। कभी जल से भरे रहने वाले इस सरोवर में आज सूखी और फटी हुई मिट्टी दिखाई दे रही है। सरोवर के सूख जाने से आवारा पशु, मवेशी और पक्षी पानी की तलाश में भटकने को मजबूर हैं। सरकार ने लाखों रुपये खर्च कर अमृत सरोवरों का निर्माण कराया था, ताकि जल संरक्षण के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी राहत मिल सके। लेकिन रखरखाव के अभाव और समय पर जलापूर्ति न होने के कारण अधिकांश सरोवर सूख चुके हैं।
ग्रामीणों के अनुसार जिन तालाबों में वर्षभर पानी रहने की उम्मीद थी, वहां अब केवल धूल और सूखी घास नजर आती है। कई स्थानों पर बचा हुआ थोड़ा-बहुत पानी भी कीचड़ में तब्दील हो चुका है, जिससे पशुओं को पानी पीने में कठिनाई हो रही है।
प्यास और लू से बेहाल पक्षी
भीषण गर्मी का असर पक्षियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। गांवों में परंपरागत जल स्रोत सूख जाने से कौवे, गौरैया, कबूतर समेत अन्य पक्षी प्यास से तड़प रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि दोपहर के समय लू और प्यास के कारण कई पक्षी पेड़ों से नीचे गिर जाते हैं। समय पर पानी न मिलने पर उनकी मौत तक हो जाती है।
जिम्मेदारों की उदासीनता पर उठ रहे सवाल
प्रशासनिक अभिलेखों में अमृत सरोवरों के रखरखाव और जल संरक्षण के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। अधिकांश सरोवरों में न तो नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था है और न ही भूजल रिचार्ज या बोरवेल के माध्यम से पानी भरने की कोई प्रभावी पहल दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अमृत सरोवरों में तत्काल पानी भरवाया जाए तथा पशु-पक्षियों के लिए स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में बेजुबान जीवों को राहत मिल सके। इस संबंध में खण्ड विकास अधिकारी बल्दीराय से बात की गई तो उन्हों ने कहा कि क्षेत्र के तालाब की जांच करवाई जाएगी जिन ग्राम पंचायत में तालाब सूखा है जल्द पानी भरवाया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

