मंडलीय बॉक्सिंग ट्रायल के लिए 5 बेटियों का चयन
सुल्तानपुर। जिले की बेटियों ने खेल के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का अवसर प्राप्त किया है। प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका बॉक्सिंग चौंपियनशिप के लिए आयोजित होने वाले मंडलीय चयन ट्रायल में भाग लेने हेतु सुल्तानपुर की पांच प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। यह मंडलीय ट्रायल अयोध्या की पावन भूमि पर आयोजित होगा, जहां खिलाड़ी प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाने के लिए अपना दमखम दिखाएंगी।
चयनित खिलाडिय़ों में प्रियल धुरिया (33-35 किग्रा), काम्या तिवारी (40-43 किग्रा), शिवांगी मिश्रा (43-46 किग्रा), कनक दुबे (61-64 किग्रा) तथा राज नंदनी सोनकर (64-67 किग्रा) शामिल हैं। खिलाडिय़ों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों में खुशी का माहौल है। सुल्तानपुर खेल एवं शिक्षा परिषद के महासचिव शुभम धुरिया ने चयनित खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि जिले की बेटियां लगातार खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर खेल एवं शिक्षा परिषद द्वारा मुंशी प्रेमचंद पार्क एवं शाहगंज चौराहा स्थित प्रशिक्षण केंद्रों पर बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग और ताइक्वांडो का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। परिषद का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को खेलों से जोड़कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

