कुशीनगर, 09 जून (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी कुशीनगर के जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण, एसआईआर प्रक्रिया में व्यापक अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए दावा किया है कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद 10 अप्रैल को जारी मतदाता सूची में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। जो चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा कर रही हैं।
पडऱौना के सोहरौना स्थित लोहिया भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष यादव ने कहा कि हाटा विधान सभा क्षेत्र की मतदाता सूची में जांच के दौरान एक ही व्यक्ति का नाम सात बार तथा दूसरे व्यक्ति का नाम 15 बार अलग-अलग बूथों पर दर्ज पाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पडऱौना विधानसभा में तो एक व्यक्ति का नाम 76 बार विभिन्न बूथों पर प्रकाशित हुआ है। उनके अनुसार संबंधित व्यक्ति और उसके पिता का नाम सभी स्थानों पर समान है, जबकि प्रत्येक प्रविष्टि में मतदाता पहचान पत्र, वोटर आईडी संख्या अलग-अलग दर्ज है। उन्होंने इसे साधारण त्रुटि मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह सुनियोजित तरीके से की गई गड़बड़ी है। सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जिले की सभी विधानसभा सीटों में इसी प्रकार की अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई प्रिंटिंग की गलती नहीं हो सकती, बल्कि चुनावी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई कार्रवाई प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इन तथ्यों को उजागर किया है। यादव ने सवाल उठाया कि जब चुनाव आयोग स्वयं दावा करता रहा है कि एस आई आर के माध्यम से एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे और सूची को त्रुटि रहित बनाया जाएगा, तो फिर इतनी बड़ी संख्या में एक ही व्यक्ति के नाम अलग-अलग बूथों पर कैसे दर्ज हो गए। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर पीडीए वर्ग के आरक्षण में भी अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक लगभग 11,514 पदों में आरक्षण की लूट हुई है। यह आंकड़े समाजवादी पार्टी के नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश सरकार के हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के हक और अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, गैस और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि, एसआईआर में कथित गड़बडिय़ों तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी 15 जून को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपेगी। प्रेस वार्ता में पूर्व पडऱौना विधानसभा प्रत्याशी विक्रमा यादव, विजेन्द्र यादव उर्फ बब्लू यादव, अरशद जमाल टीटू सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

