कुशीनगर, 09 जून (आरएनएस)। जनपद के रवीन्द्रनगर धूस थाना क्षेत्र के गोपालपुर मोतीललहा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। जहाँ एक दलित युवक मंजेश अपनी मांगों को लेकर टावर पर चढ़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि उपजिलाधिकारी पडरौना के सूझ बूझ और संवेदनशील पहल से हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी मंजेश का पूराने विवाद के चलते कहासुनी और आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ है। स्थानीय पुलिस के अनुसार टावर पर चढ़े युवक मंजेश की मांग थी कि उसके मामले में नामजद प्रतिवादी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँच गई और घंटों मंजेश को समझाने- बुझाने और मान-मनौवल करने का प्रयास किया, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा और नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। टावर पर एक युवक की चढ़े होने की खबर आम हुई तो क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ इक_ा हो गई। मामले की संवेदन शीलता को देखते हुए उप जिलाधिकारी पडरौना तत्काल मौके पर पहुँच गए। इसी दौरान वहा एक बेहद भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। युवक मंजेश की छोटी बच्ची रोते हुए उप जिलाधिकारी पडरौना के पास पहुंची और अपने पिता को नीचे उतरवाने के लिये अनुरोध करने लगी। छोटी बच्ची द्वारा रोते हुए अपने पिता के लिए अपील करने पर उपजिलाधिकारी भावुक नजर आए। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत उस मासूम बच्ची को दुलारते हुए उसे पानी पिलाया और ढांढस बंधाया कि उसके पिता को कुछ नहीं होगा। उन्होंने बच्ची को भरोसा दिलाया कि न्यायोचित कार्यवाही की जायेगी। बच्ची को आश्वस्त करने के बाद उपजिलाधिकारी सीधे टावर पर चढ़े मंजेश से संवाद स्थापित किया। उन्होंने बेहद शांत और आश्वस्त करने वाले लहजे में युवक से बात की। उनके इस सीधी बातचीत का असर यह हुआ कि युवक का गुस्सा शांत हो गया और प्रशासन पर भरोसा जताते हुए वह सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही वहाँ मौजूद स्थानीय लोग और पुलिस, प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस घटना चक्र के बाद क्षेत्र में उपजिलाधिकारी पडरौना की जमकर तारीफ हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उपजिलाधिकारी पडरौना आशुतोष सिर्फ आफिस में बैठने के बजाय फील्ड पर उतरकर विवाद निस्तारण करने के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर पुलिस और प्रशासन आगे की विधिक कार्रवाई और मामले की जांच में जुट गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

