कुशीनगर, 09 जून (आरएनएस)। जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते परीक्षार्थियों और यात्रियों को परिवहन संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। पडऱौना और कसया बस डिपो पर बसों की कमी तथा यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ा।
जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा 2025 के लिए निर्धारित 5 परीक्षा केंद्र पर सुबह की पाली में लगभग दो हजार तथा शाम की पाली में दो हजार यानी 4 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के चलते पडऱौना से गोरखपुर जाने वाले मार्ग पर आज अतिरिक्त दबाव देखने को मिला। इसी बीच छपरा से पठानकोट जाने वाली विशेष ट्रेन के रूट डायवर्जन होने से कई परीक्षार्थियों को रेल सेवा का लाभ नहीं मिल सका। जिससे सडक परिवहन पर यात्रियों का भार और बढ़ गया। पडऱौना एवं कसया बस डिपो पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी और उनके परिजन बसों का इंतजार करते नजर आए। समय पर पर्याप्त बसें उपलब्ध न होने के कारण यात्रियों को घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ी।अधिकांश सरकारी, अनुबंधित और निजी बसों में सीटें पूरी तरह भर गईं। जिसके चलते कई यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। वहीं कई परीक्षार्थियों को मजबूरी में निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। जहां उन्हें सामान्य दिनों की तुलना में अधिक किराया चुकाना पड़ा। बस स्टैंडों पर दिन भर अफरा-तफरी और भीड़ का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि परीक्षार्थियों और आम यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

