कुशीनगर, 09 जून (आरएनएस)। जनपद के सेवरही थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपराघाट एहतमाली देवनरायन टोले में एक ही घर की दो सगी बहनों की निर्गम हत्या से गांव में सनसनी फ़ैल गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पिता एवं दो सगे भाईयों को गिरफ्तार कर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सेवरही थाना क्षेत्र के पिपरा घाट एहतमाली गांव के देवनरायन टोला में 8 जून दिन सोमवार को एक घर की कोठरी से दो बहनें शीला उम्र 18 वर्ष पुत्री राम प्रसाद निषाद तथा लाली पुत्री रामप्रसाद निषाद 20 वर्ष को मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों लड़कियों का गांव के ही दो युवकों के साथ पूर्व में संबंध था। इस संबंध में उनके पिता रामप्रसाद पुत्र पुनदेव साहनी द्वारा तीन बार अलग-अलग समय पर युवकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराए गए थे। जिनमें पुलिस द्वारा दोनों लड़कियों को बरामद भी किया गया था। इसके बावजूद दोनों लड़कियां लगातार उन युवकों से संपर्क बनाए रखे हुए थीं। जिसके चलते घर में बार- बार झगड़े होते रहते थे। लगभग 15 दिन पूर्व रामप्रसाद ने दोनों लड़कियों के फोन, जो युवकों द्वारा दिए गए थे, छीन लिए थे। इसी घरेलू कलह और गुस्से में परिवार के सदस्यों ने दोनों बहनों को डंडे से पीटकर उनकी हत्या कर दी। प्रकरण में थाना सेवरही पर तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। दोनों भाइयों सूरज पुत्र रामप्रसाद व नितीश पुत्र रामप्रसाद को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पुलिस ने दो शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है तथा इस मामले में अन्य आवश्यक वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

