लंच की तैयारी के दौरान बेसुध होकर जमीन पर गिरे
प्रयागराज 9 जून (आरएनएस)। प्रयागराज जिला अदालत परिसर में मंगलवार को अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) की मौत हो गई। साथी अधिवक्ताओं ने उन्हें तुरंत उठाकर बेली अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। भानु प्रताप सिंह दोपहर में लंच की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। अधिवक्ता के निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वकील अस्पताल पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रयागराज जिला अदालत में परिसर में दोपहर करीब 1:30 बजे एडीजीसी भानु प्रताप सिंह (40) कोर्ट परिसर में लंच की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद अधिवक्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए बेली अस्पताल पहुंचाया। बेली अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंच गए।
भानु प्रताप सिंह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के अतरौली क्षेत्र के रहने वाले थे। वर्तमान में वह कैंन्ट थाना क्षेत्र के अशोक नगर इलाके में रह रहे थे। जिला अदालत में एडीजीसी के पद पर कार्यरत थे। कानूनी क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय और मिलनसार अधिवक्ता के रूप में थी।
भानु प्रताप सिंह की पत्नी और दो बेटों हैं। उनके बड़े बेटे की उम्र 11 साल है, जबकि छोटे बेटे की उम्र 8 साल बताई जा रही है। परिवार वर्तमान में आजमगढ़ में रह रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन तत्काल प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं।
भानु प्रताप सिंह के आकस्मिक निधन से न्यायिक और अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर है। साथी अधिवक्ताओं ने कहा कि वह व्यवहार कुशल, मेहनती और अपने कार्य के प्रति समर्पित थे। उनके असमय निधन से अधिवक्ता समाज को बड़ी क्षति पहुंची है। घटना की जानकारी मिलते ही बेली अस्पताल और जिला अदालत परिसर में बड़ी संख्या में अधिवक्ता पहुंच गए। सभी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियों को लेकर परिजनों के प्रयागराज पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

