लखनऊ 9 जून (आरएनएस )। गुमशुदा एवं बिछड़े हुए बच्चों की खोज, बरामदगी एवं पुनर्वास के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना बीबीडी पर दर्ज मुकदमा संख्या 138/2024 धारा 137(2) बीएनएस से संबंधित लगभग 16 वर्षीय गुमशुदा किशोरी को पुलिस ने 09 जून 2026 को सकुशल बरामद कर लिया है।जानकारी के अनुसार, उक्त किशोरी 02 सितंबर 2024 को थाना बीबीडी क्षेत्र से गुमशुदा हो गई थी, जिसके संबंध में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की विवेचना बाद में थाना एएचटीयू को स्थानांतरित की गई, जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण, खुफिया सूचना, मुखबिर तंत्र के सुदृढ़ीकरण तथा विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार फील्ड वेरिफिकेशन के माध्यम से तलाश अभियान चलाया जा रहा था।पुलिस को प्राप्त महत्वपूर्ण सूचनाओं और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप किशोरी को थाना बीबीडी क्षेत्र से ही सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत एएचटीयू टीम द्वारा इस माह यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पूर्व 04 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर दिल्ली से एक नाबालिग बालक को सकुशल रेस्क्यू कर उसके परिजनों से मिलवाया गया था। वहीं हाल ही में लगभग चार वर्षों से लापता एक अन्य बालिका को भी सकुशल बरामद कर उसके परिवार से पुनर्मिलन कराया गया था।लखनऊ पुलिस के अनुसार, इन लगातार सफलताओं से यह स्पष्ट है कि तकनीकी संसाधनों, खुफिया तंत्र, अंतरराज्यीय समन्वय और संवेदनशील पुलिसिंग के माध्यम से गुमशुदा बच्चों की बरामदगी एवं मानव तस्करी की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्य किया जा रहा है।इस संबंध में अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध), कमिश्नरेट लखनऊ किरन यादव, आईपीएस ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान केवल एक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि बिछड़े हुए बच्चों को उनके परिवारों से पुन: मिलाने का एक मानवीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि एएचटीयू टीम लगातार तकनीकी विश्लेषण और इंटेलिजेंस आधारित पुलिसिंग के माध्यम से सराहनीय कार्य कर रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, जबरन भिक्षावृत्ति या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो लखनऊ पुलिस की ऑर्गेनाइज्ड क्राइम हेल्पलाइन 7839861034 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

