रांची 9 जून (आरएनएस)। झारखंड प्रीमियर लीग (जेपीएल) के आगामी सत्र को लेकर छोटा नागपुर रॉयल्स ने अपनी तैयारियों को नया आयाम देते हुए टीम की नई जर्सी और आधिकारिक एंथम का भव्य अनावरण किया। कांके रोड स्थित रांची मैरियट होटल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में टीम के पदाधिकारी, कोचिंग स्टाफ, खिलाड़ी तथा खेल जगत से जुड़े कई सम्मानित अतिथि मौजूद रहे.समारोह के दौरान टीम की नई जर्सी को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। टीम प्रबंधन के अनुसार जर्सी का डिजाइन आधुनिक सोच, टीम भावना और झारखंड की क्रिकेट संस्कृति को प्रतिबिंबित करता है। यह जर्सी खिलाडिय़ों के आत्मविश्वास, ऊर्जा और क्षेत्रीय गौरव का प्रतीक होगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टीम के आधिकारिक एंथम का अनावरण भी रहा। एंथम में खिलाडिय़ों के संघर्ष, जुनून, समर्पण और जीत की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसे इस उद्देश्य के साथ तैयार किया गया है कि टीम और उसके समर्थकों के बीच एक मजबूत भावनात्मक संबंध स्थापित हो सके तथा मैदान के बाहर भी टीम की पहचान को मजबूती मिले। इस अवसर पर टीम प्रबंधन ने कहा कि छोटा नागपुर रॉयल्स का लक्ष्य केवल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि झारखंड की स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना भी है। जर्सी और एंथम का लॉन्च इसी व्यापक सोच और विजन का हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान खिलाडिय़ों का परिचय भी कराया गया और आगामी सीजन को लेकर टीम की रणनीति तथा तैयारियों पर चर्चा की गई। टीम प्रबंधन ने सभी समर्थकों, खेल प्रेमियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी जेपीएल सत्र में निरंतर सहयोग और समर्थन की अपील की। नई पहचान, नई ऊर्जा और मजबूत आत्मविश्वास के साथ छोटा नागपुर रॉयल्स आगामी झारखंड प्रीमियर लीग में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। टीम को उम्मीद है कि इस सीजन में वह मैदान के भीतर और बाहर दोनों जगह अपनी अलग छाप छोडऩे में सफल होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

