विकासनगर,09 जून(आरएनएस)। सेलाकुई क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड क्रांति दल (पछवादून) के प्रतिनिधिमंडल ने सेलाकुई थानाध्यक्ष से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। दल के पदाधिकारियों ने दर्ज मामलों में हुई कार्रवाई, घटनाओं के खुलासे की स्थिति तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी मांगी। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष जितेंद्र पंवार, प्रकाश भट्ट, अतुल बेंजवाल और पीयूष नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

