लखनऊ 10 जून (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अवैध खनन का कारोबार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का मुख्य एजेंडा जनता की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा देना बन गया है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है तथा आम जनता अनेक समस्याओं से जूझ रही है।बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जनपदों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आए दिन जघन्य अपराध सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही। बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई महत्वपूर्ण कदम नहीं उठाया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में प्रदेश को जो बिजली मिल रही है, उसका आधार समाजवादी सरकार के समय स्थापित की गई परियोजनाएं हैं।अखिलेश यादव ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि स्कूल बंद किए जा रहे हैं जबकि शराब की दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है। सरकारी अस्पतालों की स्थिति चिंताजनक है और मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकताओं में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल नहीं हैं।भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास परियोजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर धन की बर्बादी और अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने गोरखपुर की चार लेन लिंक रोड परियोजना और लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन परियोजनाओं में हजारों करोड़ रुपये की अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में हर विभाग में बजट की लूट चल रही है और भ्रष्टाचारियों को खुला संरक्षण प्राप्त है।समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्गों के अधिकारों और आरक्षण पर चोट कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से उपेक्षित हैं, वही पीडीए हैं और भाजपा उनके हितों के खिलाफ लगातार काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पीडीए की आवाज को मजबूती से उठाएं और समाज के कमजोर वर्गों के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने अनुशासन और संयम बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उनका दावा था कि भाजपा ने किसानों, युवाओं, व्यापारियों और गरीबों सहित हर वर्ग को निराश किया है और जनता का विश्वास खो दिया है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों, युवाओं और गरीबों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, डेयरी और उद्योगों को प्रोत्साहन देने, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में समाजवादी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास का नया मॉडल दिया था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसे बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का निर्माण कराया गया और किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने उन योजनाओं को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें उपेक्षित कर दिया।उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और आगामी चुनावों में जनता के समर्थन से प्रदेश में परिवर्तन की नई शुरुआत होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

