लखनऊ, 10 जून (आरएनएस ) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की परीक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होना ही एक बड़ी परीक्षा बन गया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने, आवागमन, ठहरने और बुनियादी सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।अखिलेश यादव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर छाया, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि हाल में आयोजित विभिन्न परीक्षाओं के बाद बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ और अव्यवस्था के जो दृश्य सामने आए हैं, वे सरकार की तैयारियों और व्यवस्थाओं की पोल खोलते हैं।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब लाखों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, तब सरकार को उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार युवाओं की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं। कुछ हजार पदों के लिए लाखों अभ्यर्थियों का आवेदन करना इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी भयावह स्तर तक पहुंच चुकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में युवाओं को रोजगार, अवसर और बेहतर भविष्य के नाम पर केवल आश्वासन मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं, जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उन्हें अव्यवस्था और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश और देश का भविष्य उसके युवा होते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार युवाओं की आकांक्षाओं और उम्मीदों को पूरा करने में असफल रही है। रोजगार सृजन, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बेहतर परीक्षा व्यवस्था की दिशा में ठोस कदम उठाने के बजाय सरकार केवल दावे और प्रचार में व्यस्त है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं के हितों और उनके अधिकारों की आवाज उठाती रहेगी तथा रोजगार, शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब अपनी समस्याओं को समझ रहा है और आने वाले समय में अपने भविष्य और अधिकारों को ध्यान में रखकर निर्णय करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

