सरोजिनीनगर, लखनऊ(आरएनएस )। भूमि अधिग्रहण के तहत किसानों को मिले ऐतिहासिक एवं सम्मानजनक मुआवजे तथा सर्किल रेट में हुई उल्लेखनीय वृद्धि के उपलक्ष्य में सरोजिनीनगर क्षेत्र में आयोजित “किसान धन्यवाद सभा” में बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में किसानों के हितों की रक्षा, न्यायपूर्ण मुआवजा और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया तथा किसान हित में किए गए प्रयासों की सराहना की गई।सभा में अखिल भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान, एसीपी राजेश वर्मा, तहसीलदार, विधायक प्रतिनिधि इंजीनियर अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों ने कहा कि सरोजिनीनगर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं, भूमि अधिग्रहण से जुड़ी चिंताओं और उचित मुआवजे की मांग को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लगातार शासन स्तर पर उठाया तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। किसानों ने कहा कि आज सरोजिनीनगर के किसानों को यूपीईडा के अंतर्गत प्रदेश में सबसे अधिक और सम्मानजनक मुआवजा प्राप्त हो रहा है, जो सरकार की किसान हितैषी नीतियों और जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों का परिणाम है।वक्ताओं ने कहा कि पहले भूमि अधिग्रहण किसानों के लिए चिंता का विषय हुआ करता था, लेकिन अब विकास और किसान सम्मान एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। विकास परियोजनाओं के साथ भूमि का मूल्य बढ़ा है, सर्किल रेट में वृद्धि हुई है और किसानों को न्यायपूर्ण मुआवजा भी मिल रहा है। सरोजिनीनगर क्षेत्र इस बदलाव का उदाहरण बनकर उभरा है।कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा कुमारी श्वेता गौतम को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की ओर से लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया।सभा में ग्राम गुदौली के दिवंगत किसान प्रताप सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके पिता को विधायक की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। किसानों ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह क्षेत्र के प्रत्येक किसान परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनकर खड़े रहते हैं।विधायक प्रतिनिधि इंजीनियर अजीत सिंह ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने किसानों के हितों की लड़ाई केवल राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर ही नहीं लड़ी, बल्कि आवश्यकता पडऩे पर कानूनी स्तर पर भी किसानों का पक्ष मजबूती से रखा। उन्होंने बताया कि गढ़ी चुनौटी के किसानों की समस्याओं को लेकर डॉ. राजेश्वर सिंह राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में स्वयं अधिवक्ता के रूप में उपस्थित हुए और किसानों को महत्वपूर्ण राहत दिलाने में भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि हरौनी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के बाद क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही अंडरपास और आवागमन संबंधी समस्याओं को भी रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से रखा गया है, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है।सभा में डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा किए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि उनके प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों को 25 करोड़ रुपये से अधिक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है। हजारों विद्यार्थियों को लैपटॉप, साइकिल और अन्य शैक्षिक संसाधन प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा रण बहादुर सिंह डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ एम्पावरमेंट सेंटर, तारा सिलाई केंद्र, आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम, राम रथ अभियान, युवा क्लबों का गठन तथा 250 से अधिक मंदिरों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी संचालित किए जा रहे हैं।वक्ताओं ने बताया कि राम रथ अभियान के माध्यम से क्षेत्र के बुजुर्गों को अयोध्या धाम ले जाकर रामलला के दर्शन कराए जा रहे हैं, जबकि युवा क्लबों के जरिए युवाओं को खेल, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।कार्यक्रम में अखिल भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान की भूमिका की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने लंबे समय से किसानों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाने, उन्हें जागरूक करने और उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। किसान धन्यवाद सभा का सफल आयोजन भी किसानों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
अखिल भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि सरोजिनीनगर आज किसान सम्मान और विकास का आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की किसान हितैषी नीतियों, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के सतत प्रयासों और संगठनात्मक नेतृत्व के कारण किसानों को न्याय, सम्मान और विकास का लाभ एक साथ प्राप्त हो रहा है।सभा के अंत में अखिल भारतीय किसान संघ और उपस्थित किसानों द्वारा सर्वसम्मति से धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि सरोजिनीनगर के किसानों को न्यायपूर्ण एवं सम्मानजनक मुआवजा दिलाने तथा सर्किल रेट में ऐतिहासिक वृद्धि सुनिश्चित कराने के प्रयास किसान हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। किसानों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी किसान कल्याण और क्षेत्रीय विकास के कार्य इसी प्रकार आगे बढ़ते रहेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

