हत्या की आशंका, नाले के पास झाडिय़ों में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज 10 जून (आरएनएस )। थरवई थाना क्षेत्र में एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले के पास झाडिय़ों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक मंगलवार दोपहर भैंस चराने घर से निकले थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थरवई थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पूरे चंदा पाल बस्ती निवासी 55 वर्षीय राम गोपाल पाल दूध बेचकर परिवार का भरण- पोषण करते थे। मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे वह भैंस चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान गांव के बाहर नाले के किनारे झाडिय़ों में उनका शव पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा मुंह और नाक से खून बह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही थरवई पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसीपी थरवई अरुण पराशर और थाना प्रभारी संतोष पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक राम गोपाल पाल अपने छह भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके तीन बेटे राम बाबू, संजय और महेंद्र हैं, जबकि एक बेटी की शादी हो चुकी है। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
एसीपी अरुण पराशर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

