प्रयागराज 10 जून (आरएनएस )। घूरपुर थाना क्षेत्र के गौहनिया-करछना मार्ग स्थित करमा बाजार में मंगलवार देर रात ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घूरपुर थाना क्षेत्र के करमा क्षेत्र के डेरवा चकिया गांव निवासी 30 वर्षीय करन पटेल पुत्र ज्ञानचंद्र पटेल किसान थे। मंगलवार को किसी काम से नैनी गए थे। देर रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही वह करमा बाजार स्थित केसी धर्मकांटा के पास पहुंचे, गौहनिया की ओर से करछना जा रही ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। ट्राली का लोहे का एंगल करन के सिर और चेहरे में लग गया। हेलमेट न पहनने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हादसे की सूचना पर पहुंचे स्वजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए प्रयागराज ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर करमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश की जा रही है।
करन पटेल खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह तीन भाइयों और पांच बहनों में सबसे बड़े थे। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी रूपा पटेल की रो-रोकर हालत खराब है। करन के दो वर्षीय पुत्र इशू पटेल और पांच माह की पुत्री आरोही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

