(सारंगढ़-बिलाईगढ)कलेक्टर ने गावों में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की स्थिति का लिया जायजा
०कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य लाभ देने के निर्देश दिए
०कलेक्टर ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र को चित्रों से आकर्षित बनाने पर सराहना की
सारंगढ़-बिलाईगढ़,10 जून (आरएनएस)। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम जसरा के नवनिर्मित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन की सुविधाओं, बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केंद्र को बच्चों के लिए आकर्षक बनाने हेतु दीवारों पर शैक्षणिक एवं रंगीन चित्रकारी की गई है, जिसकी उन्होंने सराहना की।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरस्वती महंत ने बताया कि इस केंद्र में कुल 35 बच्चे पंजीकृत हैं और नियमित रूप से उपस्थित रहते हैं। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी सहायिका से बच्चों को दिए जाने वाले पूरक पोषण आहार की जानकारी ली तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की समीक्षा की।महिला एवं बाल विकास विभाग के केंद्र के निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी गई कि ग्राम में तीन बच्चे कुपोषित श्रेणी में हैं। इस पर कलेक्टर ने बच्चों की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम में बाल विवाह की स्थिति की भी जानकारी ली तथा ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए सतत जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम प्रसाद, जनपद पंचायत के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

