0-कहा-ये मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं
0-एनडीए की बैठक में पीएम मोदी का संबोधन
नई दिल्ली,10 जून(आरएनएस)। सत्तारूढ़ गठबंधन शासन के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के लगातार सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में यहां बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एक विशेष बैठक आयोजित की गई. पीएम मोदी ने एनडीए नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, आप सभी ने इस दिन को मेरे लिए सचमुच यादगार बना दिया है.
पीएम मोदी एनडीए नेताओं को आभार जताते हुए कहा कि, वे उनके बहुत आभारी हैं. चरेवेति, चरेवेति (आगे बढ़ते रहो) का मंत्र जपते हुए और इस राजनीतिक सफर में कई उतार-चढ़ाव देखते हुए, मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन यह मुकाम हासिल होगा. मैं इसे अपना सबसे बड़ा सौभाग्य मानता हूं कि मुझे सबसे लंबे समय तक लगातार चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर सेवा करने का मौका मिला.
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सत्तारूढ़ राजग के सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों ने यहां भारत मंडपम में हुई अहम बैठक में हिस्सा लिया. बैठक में, राजग शासित सभी 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों तथा सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेताओं ने भी भाग लिया.
मोदी बुधवार को भारत के सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने 1952 में हुए आम चुनावों के बाद, देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
वर्ष 1947 से 1952 तक नेहरू अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे थे क्योंकि 1952 तक आम चुनाव नहीं हुए थे. इंदिरा गांधी 14 साल से अधिक समय तक प्रधानमंत्री के पद पर रही थीं जो मोदी के कार्यकाल से अधिक है, लेकिन उनका (इंदिरा का) कार्यकाल लगातार नहीं था.
इस पद पर 4,399 दिन पूरे होने के साथ, मोदी भारत के सबसे लंबे लगातार कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. मोदी ने 26 मई 2014 को, शानदार जीत के साथ भारत के प्रधानमंत्री का पद संभाला. इसके बाद, 2019 के आम चुनाव में उन्हें और भी प्रचंड जनादेश के साथ दोबारा चुना गया और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ. उनका लगातार तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 को शुरू हुआ.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी समेत अन्य नेता शामिल हुए.
राजग में शामिल दलों के केंद्रीय मंत्रियों, जिनमें के. राम मोहन नायडू (तेलुगु देशम पार्टी), राजीव रंजन सिंह (जद-यू), एच. डी. कुमारस्वामी (जद-एस) और अनुप्रिया पटेल (अपना दल-सोनेलाल) शामिल हैं, ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

