नई दिल्ली ,10 जून(आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने के लक्ष्य को पाने के अलावा समावेशी मानव विकास की रणनीति और उसे देश के प्रत्येक नागरिक तक पुख्ता एवं मापनीय नतीजों के रूप में पहुंचाने पर मंथन किया जाएगा.
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस वर्ष की बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल भाग लेंगे. इस दौरान बैठक में ‘समावेशी मानव विकास रूपरेखाÓ पर चर्चा होगी, जो चार प्रमुख स्तंभों मजबूत मानव संसाधन एवं भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, उत्पादक रोजगार व उद्यमिता, स्वास्थ्य- पोषण एवं कल्याण तथा सभी के लिए समानता और सम्मान पर आधारित है.
बैठक में देशभर में उद्यमिता को बढ़ावा देने के अलावा कौशल विकास को मजबूत करने और टिकाऊ रोजगार के अवसर सृजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा.
इसके अलावा कामकाज के संचालन, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, साझेदारी,विभिन्न योजनाओं के समन्वय तथा डेटा-आधारित प्रणालियों जैसे अहम माध्यमों का उपयोग कर कार्यान्वयन की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा की जाएगी. साथ ही, छोटे, मध्यम अवधि के और दीर्घकालिक लक्ष्यों की निगरानी के लिए एक संरचनात्मक व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि जवाबदेही और परिणामों की प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित की जा सके.
बैठक का एकउद्देश्य राज्यों की विकास संबंधी प्राथमिकताओं को राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुसार बनाना है, जिससे समावेशी और सतत विकास के लिए केंद्र एवं राज्यों के बीच सहयोग को और मजबूत किया जा सके. शासी परिषद की बैठक में 26-28 दिसंबर, 2025 को आयोजित मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की सिफारिशों पर भी विचार किया जाएगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

