भोपाल 10 जून (आरएनएस)। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र स्थित लिली टॉकीज के करीब महाकाल टी स्टॉल बंद कराने को लेकर पुलिस और दुकान संचालक के बीच विवाद सामने आया है। जिसमें पुलिसकर्मी और कर्मचारी के बीच कहासुनी होती दिखाई दे रही है। दुकान संचालक ने आरक्षक प्रिंशु यादव पर कर्मचारी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जबकि पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताया है।
जानकारी के अनुसार, लिली टॉकीज के पास स्थित महाकाल टी स्टॉल को सोमवार की देर रात बंद कराने के दौरान विवाद हुआ। दुकान संचालक का आरोप है कि आरक्षक प्रिंशु यादव दुकान पर पहुंचे और कर्मचारी प्रिंस राठौर के साथ मारपीट की।
घटना के बाद दुकान संचालक ने जहांगीराबाद थाने के कुछ पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है पुलिस की कार्रवाई सभी दुकानों पर समान रूप से नहीं होती और कुछ चुनिंदा दुकानों को ही निशाना बनाया जाता है। फुटेज दिखाने और तमाम मिन्नतों के बाद भी मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी पर कर्रवाई तय नहीं की गई है।
इस मामले में पुलिस ने कर्मचारी प्रिंस राठौर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार प्रिंस महाकाल टी स्टॉल का कर्मचारी है। वहीं आरक्षक पर लगे मारपीट के आरोपों को लेकर फिलहाल कोई कार्रवाई तय नहीं की गई है।
जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन अहिरवार ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश के अनुसार बाजारों को रात 11:30 बजे तक बंद कराने के आदेश हैं। इसी आदेश का पालन कराने के लिए आरक्षक प्रिंशु यादव रात करीब 11:35 बजे महाकाल टी स्टॉल पहुंचे थे।
थाना प्रभारी के मुताबिक, दुकान बंद करने की हिदायत देने के बावजूद दुकान चालू रखी गई। इस दौरान दुकान मालिक और कर्मचारी ने आरक्षक से बदसलूकी की। इसके बाद कर्मचारी प्रिंस राठौर को थाने लाया गया और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में तय समय के अनुसार बाजार बंद कराया जा रहा है। आरक्षक द्वारा मारपीट किए जाने के आरोपों को उन्होंने गलत बताया है।

