कुशीनगर, 11 जून (आरएनएस)। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में आयोजित विदाई एवं सह सम्मान समारोह में सफल कार्यकाल पूर्ण करने के उपरांत विंग कमांडर आलोक सक्सेना (अ0प्रा0), जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने अपना प्रभार नवागत अधिकारी कर्नल डॉ0 सुधाकर त्यागी अ0प्रा0 को सौंप कर कार्यालय से कार्य मुक्ति ग्रहण किया। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने पुष्प मालाएं भेंट कर विंग कमांडर सक्सेना को भावभीनी विदाई दी।
अपने संबोधन में उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों एवं कार्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुशीनगर में उनका कार्यकाल अत्यंत सुखद एवं यादगार रहा तथा उन्हें सभी का भरपूर स्नेह, सहयोग और सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी यदि किसी पूर्व सैनिक को उनकी सहायता की आवश्यकता होगी तो वे सदैव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कर्नल डॉ0 सुधाकर त्यागी ने विंग कमांडर आलोक सक्सेना के कार्यों एवं अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि उनके जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय के कारण पूर्व सैनिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान संभव हो सका। उन्होंने कहा कि वे भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। समारोह में जनपद के वरिष्ठ पूर्व सैनिक मेजर डॉ0 महेश वरनवाल, कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन डी0एस0 पाण्डेय, कैप्टन शमशुद्दीन, अनिल सिंह, एस0पी0 गुप्ता सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय स्टाफ में प्रभाकर नाथ तिवारी, राजेश कुमार गुप्ता, धर्मशीला, जालंधर एवं समस्त कर्मचारियों द्वारा किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

