लखनऊ 11 जून (आरएनएस ) । आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने नव नियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) लखनऊ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक में विशेष रूप से नई पेंशन योजना (एनपीएस) के अंतर्गत कटौती की गई धनराशि को शीघ्र सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों में स्थानांतरित किए जाने, शिक्षकों के कैशलेस स्वास्थ्य कार्डों के निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान तथा अन्य लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया गया।महेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में आवश्यक कदम है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की नींव हैं और उनकी सुविधाओं तथा अधिकारों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।नव नियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सभी मुद्दों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों से जुड़े मामलों के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।बैठक में शिक्षकों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि शिक्षकों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा, जिससे शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ बन सकेगा।इस अवसर पर शैलेन्द्र राठौर, रामशंकर, विनोद पाल, अभिषेक सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे तथा उनके शीघ्र निस्तारण की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम के अंत में आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ की ओर से नव नियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं तथा शिक्षा व्यवस्था के हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा व्यक्त किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

