लखनऊ 11 जून (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का झूठा दावा कर अभ्यर्थियों को गुमराह करने वाले एक आरोपी को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना हुसैनगंज पुलिस और मध्य जोन सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी टेलीग्राम पर “परीक्षा प्रश्नपत्र वाला” नाम से चैनल संचालित कर परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने संबंधी भ्रामक संदेश प्रसारित कर रहा था।पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का लालच देकर धोखाधड़ी करने का प्रयास कर रहा था। इसके जरिए वह परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और आर्थिक लाभ अर्जित करने की कोशिश कर रहा था।मामले का खुलासा उस समय हुआ जब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सतर्कता इकाई ने सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान टेलीग्राम पर वायरल हो रहे संदेशों का संज्ञान लिया। जांच में पाया गया कि एक व्यक्ति होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा करते हुए संदेश प्रसारित कर रहा है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका थी।सूचना के आधार पर थाना हुसैनगंज में भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।जांच के दौरान आरोपी की पहचान प्रकाश मिश्रा (27 वर्ष) निवासी मोहन गार्डन, नई दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसे उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार इसी प्रकरण में पूर्व में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। अब गिरफ्तार आरोपी के संपर्कों, उसके नेटवर्क और इस प्रकार की अन्य गतिविधियों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी विभिन्न राज्यों और जनपदों से जुटाई जा रही है।पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी सोशल मीडिया मंच पर प्रश्नपत्र लीक, पेपर उपलब्ध कराने अथवा परीक्षा में सफलता की गारंटी देने वाले भ्रामक संदेशों पर विश्वास न करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित परीक्षा प्राधिकरण को दें, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखी जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

