लखनऊ 11 जून (आरएनएस ) । थाना बिजनौर पुलिस ने ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की है। मामले में एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को कमलापुर निवासी मनोज कुमार ने थाना बिजनौर में तहरीर देकर बताया था कि 1/2 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनकी ज्वैलरी दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना बिजनौर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना के अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में तीन विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 से 300 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को किसान पथ अंडरपास के निकट सर्विस रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निलोफर उर्फ गिट्टा उर्फ गीता, प्रियांशु उर्फ दीपांशु तथा अमन के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से बंद पड़े मकानों और दुकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ये लोग पहले इलाके की निगरानी करते थे और मौका मिलने पर शटर काटकर या तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के बाद सुनसान स्थान पर जाकर सामान का बंटवारा कर लेते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की नथ, ओम अंकित लॉकेट, चूड़ी, तीन चैन, चांदी की पायजेब, दस जोड़ी पायल, तीन चांदी की चैन, 12 अंगूठियां, 19 बिछिया तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है।जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और इनके विरुद्ध राजधानी के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से अमन और निलोफर के खिलाफ लखनऊ के अलग-अलग थानों में बड़ी संख्या में आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी आकाश पाण्डेय उर्फ सूरज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है। मामले की जांच जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

