श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत
सुल्तानपुर 11 जून (आरएनएस )। आध्यात्मिक नगरी सुल्तानपुर में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब शिव योगी पूज्य मौनी महाराज जी ने महाकाल आश्रम, सीता कुंड धाम से चक्रवर्ती दंडवत परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए तथा पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बना रहा।
पूज्य मौनी महाराज जी दंडवत परिक्रमा करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। यात्रा महाकाल आश्रम से प्रारंभ होकर दीवानी चौराहा, डाकखाना चौराहा, शाहगंज चौराहा तथा चौक घंटाघर होते हुए रामलीला मैदान स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने महाराज जी का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। रामलीला मैदान स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचने के पश्चात पूज्य मौनी महाराज जी ने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया तथा जनकल्याण एवं विश्व शांति की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भी भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं की सेवा एवं प्रसाद वितरण के लिए भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अंश द्विवेदी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। इस अवसर पर पूज्य मौनी महाराज जी ने कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, आयोजकों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धर्म, सेवा और श्रद्धा के ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा लोगों को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व प्रमुख राम शब्द मिश्र, नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, डॉ. डी.एस. मिश्रा, भाजपा नेता राम चन्द्र मिश्र, सुभाष चन्द्र तिवारी एडवोकेट, योगेश तिवारी, राम दयाल शुक्ला, बेनू शुक्ला, चंदन द्विवेदी, संतोष दुबे, श्रवण पाठक, कुशल जी एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

