सुलतानपुर 11 जून (आरएनएस )। अयोध्या-प्रयागराज राज्यमार्ग स्थित कटका बाजार में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज स्थानीय लोगों ने गुरुवार को सड़क पर धान की बुवाई कर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार विभागों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए सौरभ मिश्र विनम्र ने बताया कि कटका बाजार की सड़क लंबे समय से गड्ढों में तब्दील है। आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस मौके पर उपस्थित अमित यादव ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। व्यापारी अमित सिंह ने बताया कि खराब सड़क का असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है। ग्राहक बाजार आने से बचते हैं और जाम की समस्या भी बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सड़क को गड्ढामुक्त बनाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर जनआंदोलन तेज किया जाएगा।+
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

