सुल्तानपुर 11 जून (आरएनएस )। चांदा थाना क्षेत्र के परमापुर गांव में दो मुस्लिम युवकों के साथ कथित मारपीट और जबरन धार्मिक नारा लगवाने के वायरल वीडियो को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शकील अंसारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और निंदनीय घटना है। किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाकर भय और नफरत का माहौल बनाना संविधान और कानून दोनों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम मर्यादा, प्रेम और न्याय का प्रतीक है, उनके नाम पर किसी व्यक्ति को अपमानित करना जबरन नारे लगवाना और मारपीट करना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसे तत्व समाज का माहौल खराब करने का काम कर रहे हैं। शकील अंसारी ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि 24 घंटे के भीतर इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। यदि प्रशासन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को बिगाडऩे की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पीडि़तों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

