जबलपुर 11 जून (आरएनएस)। मध्य प्रदेश शासन के पूर्व राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 8 जून की शाम वे कटंगा तिराहा से गोरखपुर बाजार की ओर जा रहे थे, तभी एक अज्ञात नंबर से कॉल कर उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई।
पूर्व मंत्री की लिखित शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) और 351(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के दौरान थाना प्रभारी द्वारा संदिग्ध नंबर पर संपर्क करने पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने कथित रूप से धमकी देने की बात स्वीकार की। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ माह पहले भी बब्बू को इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। लगातार दूसरी बार मिली धमकी के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज है। पूर्व मंत्री ने मामले में प्रभावी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि कॉल करने वाले की पहचान, उसकी मानसिक स्थिति तथा धमकी के पीछे के कारणों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

