रायगढ़, 12 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चक्रधरनगर क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा स्थित एक किराये के मकान में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने महिला दलाल सहित दो ग्राहकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 11 जून 2026 को यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर संदिग्ध मकान पर योजनाबद्ध छापेमारी की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटे अतरमुड़ा स्थित साईं मंगलम गली के एक किराये के मकान में महिला गुंजन चौहान अवैध रूप से युवतियों से देह व्यापार करवा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। तय संकेत मिलने के बाद टीम ने तत्काल दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान के कमरों में महिलाएं और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से कुल तीन युवतियों को सुरक्षित बरामद किया गया। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री और पाइंटर द्वारा दिए गए 2,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पूछताछ में महिला ने मकान किराये पर लेकर देह व्यापार संचालित करना स्वीकार किया।
मामले में महिला दलाल गुंजन चौहान सहित नेहरू चौहान और मीर रविउल को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 300/2026 के तहत अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 और 5 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के शोषण और अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी टीआई विजय चेलक, एएसआई भागीरथी चौधरी, ज्योत्सना शर्मा सहित महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००००

