गरियाबंद, 12 जून (आरएनएस)। गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दड़ईपानी जंगल में संयुक्त सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद आईईडी बमों को बीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल एवं बम निष्क्रिय दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम कुल्हाड़ीघाट कैंप से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम दड़ईपानी के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में एक संदिग्ध डंप का पता चला।
तलाशी लेने पर वहां से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद सामग्री में लगभग 15 मीटर कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर, 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर आईईडी (करीब 4 किलोग्राम), एक टिफिन आईईडी (करीब 5 किलोग्राम), छह बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैगजीन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से बरामद आईईडी बमों को बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इन विस्फोटकों को जंगल में डंप कर रखा गया था।
संयुक्त बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सर्चिंग अभियान लगातार जारी है।
०



