0 आधार केंद्र से नकदी पार, ट्रेजरी कार्यालय का ताला भी तोड़ा
दुर्ग, 13 जून (आरएनएस)। जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कलेक्टर परिसर में चोरी की वारदात ने प्रशासन और पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोरों ने कलेक्टर परिसर स्थित लोक सेवा आधार केंद्र और ज्वाइंट डायरेक्टर (अकाउंट, ट्रेजरी एवं पेंशन) कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक चोर आधार केंद्र से करीब 6 से 7 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। हालांकि केंद्र में मौजूद लगभग 7 लाख रुपये मूल्य की मशीनें और अन्य उपकरण सुरक्षित पाए गए। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरों का मकसद केवल नकदी पर हाथ साफ करना था।
चोरी के बाद बदमाशों ने ज्वाइंट डायरेक्टर (अकाउंट, ट्रेजरी एवं पेंशन) विवेक मिश्रा के कार्यालय का ताला भी तोड़ दिया। कार्यालय के भीतर रखी फाइलों और दस्तावेजों को खंगाला गया तथा सामान बिखरा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि कार्यालय के बाहर लिखे कोष शब्द को देखकर चोरों को वहां नकदी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कलेक्टर परिसर जैसे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में हुई इस दुस्साहसिक चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे जिले में इस घटना की चर्चा है और लोग प्रशासनिक परिसरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

