बेमेतरा, 13 जून (आरएनएस)। जिले में अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता राशि के बदले रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। एक दंपति ने अपर कलेक्टर न्यायालय में पदस्थ एक बाबू पर 2.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी कराने के एवज में 70 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत सामने आते ही कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, दिनेश बंजारे और अंजलि यादव ने अंतर्जातीय विवाह किया है। शासन की योजना के तहत उन्हें 2.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलनी है। दंपति का आरोप है कि अपर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ बाबू विनय कुर्रे ने राशि जारी करने के लिए 70 हजार रुपये की मांग की। बाद में कथित तौर पर 40 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई गई, लेकिन तत्काल पूरी रकम देने का दबाव बनाया गया।
पीडि़त दंपति का आरोप है कि बाबू ने उन्हें बैंक से तुरंत पैसा निकालकर अपने भेजे हुए दो युवकों को सौंपने के लिए कहा। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो बाबू उनके बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज लेकर चला गया। इसके बाद दंपति ने कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की।
दंपति ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित बाबू अन्य हितग्राहियों से भी 5-5 हजार रुपये की वसूली कर चुका है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
एक साल के सभी मामलों की होगी समीक्षा
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जांच को केवल एक शिकायत तक सीमित नहीं रखा है। उन्होंने जिले में पिछले एक वर्ष के दौरान स्वीकृत सभी अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन प्रकरणों की समीक्षा के आदेश दिए हैं। जांच टीम यह भी पता लगाएगी कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ मिला या नहीं तथा कहीं किसी प्रकार की अनियमितता तो नहीं हुई।
क्या है अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना?
शासन की अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत अनुसूचित जाति और गैर-अनुसूचित जाति के युवक-युवती के विवाह पर दंपति को 2.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य समाज में जातिगत भेदभाव को कम करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

