New Delhi 14 June (Rns) /- फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड ने आखिरकार 36 साल का लंबा इंतजार खत्म कर दिया। बोस्टन के गिलेट स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी मुकाबले में स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी ऐतिहासिक जीत दर्ज की। टीम के लिए जॉन मैकगिन ने पहला हाफ खत्म होने से पहले गोल दागा, जो आखिर तक निर्णायक साबित हुआ। स्कॉटलैंड की यह 1990 के बाद पहली वर्ल्ड कप जीत है। इससे पहले टीम ने स्वीडन को 2-1 से हराया था। खास बात यह भी रही कि स्कॉटलैंड 1998 के बाद पहली बार मेन्स फुटबॉल वर्ल्ड कप में खेल रहा है और इतने साल बाद वापसी के साथ ही उसने यादगार जीत हासिल कर ली।
इस मैच की शुरुआत तेज रफ्तार फुटबॉल के साथ हुई। दोनों टीमों ने शुरुआती मिनटों में लगातार अटैक किए, लेकिन धीरे-धीरे स्कॉटलैंड ने मैच पर पकड़ बनानी शुरू कर दी। कप्तान स्कॉट मैकटॉमिने ने सातवें मिनट में हेडर लगाया जो क्रॉसबार के ऊपर चला गया। कुछ देर बाद उनका एक और शॉट पोस्ट से टकराकर बाहर निकल गया। हालांकि, हैती ने भी स्कॉटलैंड को आसानी से खेलने का मौका नहीं दिया और लगातार दबाव बनाए रखा।

