दुर्ग, 14 जून (आरएनएस)। कबीर साहब के 629वें प्रकट दिवस के अवसर पर ग्राम करहीडीह स्थित कबीर नगर में सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग यातायात पुलिस, साइबर सेल एवं श्रमजीवी पत्रकार संघ की सहभागिता रही, जहां नागरिकों को सुरक्षित और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन श्रमजीवी पत्रकार संघ दुर्ग जिला इकाई के अध्यक्ष ललित साहू के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट के महत्व, नशे के दुष्प्रभावों तथा सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी साझा करने के खतरे और डिजिटल सुरक्षा उपायों पर भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला कमांडो को सुरक्षा किट भी वितरित की गई। लगभग 100 से 150 महिला एवं पुरुष नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डीसीपी ट्रैफिक सदानंद सिंह, साइबर प्रभारी संकल्प राय, चौकी प्रभारी जेवरा सिरसा समिति मिश्रा, ग्राम करहीडीह स्कूल के प्राचार्य शर्मा, साहू समाज करहीडीह के अध्यक्ष राजेश साहू, पूर्व अध्यक्ष रोहित साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही सुरक्षित, जागरूक और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।
0

