0 रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रायगढ़, 14 जून (आरएनएस)। उधारी की रकम वसूलने के नाम पर घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और 10 लाख रुपये की मांग करने वाले एक चिन्हांकित गुंडा बदमाश सहित तीन आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
मामले के अनुसार आशीर्वाद पूरम कॉलोनी निवासी कमलेश सिंह (52 वर्ष), जो कोयला ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करते हैं, ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह कुडेकेला निवासी एक व्यक्ति के लगभग 7 लाख रुपये का भुगतान पिछले तीन वर्षों से नहीं कर पाए थे।
शिकायत के मुताबिक 11 जून की दोपहर थाना कोतवाली का चिन्हांकित गुंडा बदमाश कपिल सोलंकी अपने साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ उनके घर में जबरन घुस आया। आरोपियों ने पीडि़त को धमकाते हुए 10 लाख रुपये की मांग की और कहा कि रकम नहीं देने पर उसकी हत्या करवा दी जाएगी। इसके बाद डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई।
पीडि़त की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर उसके दोनों सहयोगियों को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार कपिल सोलंकी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट, बलवा और मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी मनीष परियानी पर लूट, आबकारी, जुआ और मारपीट के अनेक प्रकरण दर्ज हैं तथा उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोपी गिरीश माखीजा के खिलाफ भी जुआ, सट्टा और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।
रायगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुंडागर्दी, अवैध वसूली और आम नागरिकों को भयभीत करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
0

