—- बाइकों पर लादकर हो रही थी खाद की तस्करी, सात तस्कर चढ़े प्रशासन के हत्थे।
कुशीनगर, 14 जून (आरएनएस)। किसानों के लिए सरकार द्वारा अनुदान पर उपलब्ध कराए जाने वाले यूरिया उर्वरक की तस्करी का बड़ा खेल एक बार फिर सीमा पर उजागर हुआ है। जिले के तमकुहीराज तहसील प्रशासन की कार्रवाई में बिहार ले जाए जा रहे 14 बोरी यूरिया के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी अलग-अलग मोटर साइकिलों पर दो-दो बोरी यूरिया लादकर बिहार की ओर जा रहे थे। मामला उस समय उजागर हुआ जब मुखबिर की सूचना पर उपजिलाधिकारी तमकुहीराज के निर्देश पर कृषि विभाग और प्रशासन की टीम ने सीमा क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सात लोगों को पकड़ा गया, जिनके पास यारा फर्टिलाइजर्स कंपनी निर्मित कुल 14 बोरी यूरिया बरामद हुई। प्रत्येक बोरी में 45 किलोग्राम उर्वरक था।
पूछताछ के दौरान आरोपित यूरिया की खरीद से संबंधित कोई भी बिल, रसीद अथवा वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। सभी आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं और मोटर साइकिलों के जरिए उर्वरक को सीमा पार ले जाने का प्रयास कर रहे थे। कृषि विभाग की जांच में प्रथम दृष्टया यह मामला अनुदानित यूरिया की अवैध तस्करी का पाया गया। अधिकारियों का कहना है कि सरकार किसानों को रियायती दर पर जो यूरिया उपलब्ध कराती है। उसे सीमा पार कर दूसरे प्रदेशों में अधिक कीमत पर बेचने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय की ओर से थानाध्यक्ष विशुनपुरा को भेजे गए पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि आरोपितों के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया जाए। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति भी कर दी गई है। बरामद यूरिया को जब्त कर आईएफएफडीसी, पडरौना- मडुरही के प्रोपराइटर सचिदानंद कुशवाहा की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। जांच में पकडे अभियुक्तों में भोला पुत्र स्व. शिवनाथ, ग्राम बड़हरा, थाना चिउटहां, सखुआनी, पश्चिमी चंपारण बिहार, रोहित उरांव पुत्र रामनाथ उरांव, ग्राम बड़हरा, थाना चिउटहां, सखुआनी, पश्चिमी चंपारण बिहार, सिकंदर उरांव पुत्र रामनाथ उरांव, ग्राम बड़हरा, थाना चिउटहां, सखुआनी, पश्चिमी चंपारण बिहार, कुलदीप उरांव पुत्र तूफानी उरांव, ग्राम बड़हरा, थाना चिउटहां, सखुआनी, पश्चिमी चंपारण बिहार, सूर्या उरांव पुत्र हरिशरण उरांव, ग्राम बड़हरा, थाना चिउटहां, सखुआनी, पश्चिमी चंपारण बिहार, कुंदन उरांव पुत्र मुखलाल उरांव, ग्राम बड़हरा, थाना चिउटहां, सखुआनी, पश्चिमी चंपारण बिहार, नरेश उरांव पुत्र विंदलाल उरांव, ग्राम बड़हरा, थाना चिउटहां, सखुआनी, पश्चिमी चंपारण बिहार शामिल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

