नईदिल्ली,13 जून(आरएनएस)। दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में 12 जून को 5 मंजिला इमारत में हुई आगजनी की घटना को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने कहा है कि 2 चचेरे भाइयों के बीच पैसों के लेन-देन के चलते ये आगजनी की घटना को जानबूझकर अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में एक किशोरी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक नाबालिग को आग लगने से कुछ समय पहले चेहरा ढांककर इमारत में प्रवेश करते और फिर तेजी से बाहर निकलते देखा गया था। इस नाबालिग ने पुलिस को बताया कि गिरिनगर की रहने वाली 27 वर्षीय सरिता ने इमारत की 5वीं मंजिल पर रहने वाले दीपक के स्कूटर में आग लगाने के लिए उकसाया था। दीपक का अपने चचेरे भाई निरंजन के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस ने निरंजन (33), उसके भाई राजकुमार (27) और सरिता (27) को गिरफ्तार किया गया है। एक 17 वर्षीय लड़की को भी हिरासत में लिया गया है। चारों पर आपराधिक साजिश, गैर इरादतन हत्या, हत्या का प्रयास, आगजनी और अतिक्रमण से संबंधित धाराओं में आरोप जोड़े गए हैं। इस घटना में 70 वर्षीय सुशीला देवी, उनके पोते पंकज पांडे (28 वर्ष) और पोती सोनी (20 वर्ष) की मौत हो गई थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

