रायगढ़, 15 जून (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में महिलाओं और ग्रामीणों को निशाना बनाकर झपटमारी व पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की पांच महिला सदस्यों और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने की चैन, इको वाहन और मोबाइल फोन सहित लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता मरियम टोप्पो (67), निवासी इमलीपारा लैलूंगा, 13 जून को अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपट ली। घटना के बाद उन्होंने कुछ महिलाओं को संदिग्ध स्थिति में देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साप्ताहिक बाजारों में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी। लैलूंगा बाजार में ड्यूटी पर मौजूद महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से तत्काल एक संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को पकड़ लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दीपक गिरी को भी हिरासत में लिया।
सघन पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से इको वाहन में सवार होकर लैलूंगा पहुंचे थे और संगठित गिरोह बनाकर ग्रामीण बाजारों व मेलों में झपटमारी और पाकेटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में शरण लेने चले गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस से समन्वय स्थापित कर देर रात दबिश दी और गिरोह की चार अन्य महिला सदस्य रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीडि़ता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन लॉकेट सहित, घटना में प्रयुक्त इको वाहन क्रमांक सीजी 30 जे 8035 तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना लैलूंगा में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साप्ताहिक बाजारों और मेलों में पुलिस की विशेष निगरानी जारी रहेगी तथा ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0

