सिरसा 15 जून (आरएनएस)। लक्ष्य शूटिंग स्पोट्र्स अकादमी ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अकादमी के खिलाडिय़ों ने हरियाणा स्टेट शूटिंग चैम्पियनशिप 2026, जो 2 जून 2026 से 12 जून 2026 तक डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, तुगलकाबाद, नई दिल्ली में आयोजित हुई, में शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉर्थ जोन शूटिंग चैम्पियनशिप के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है। अकादमी के संचालक अमित फुटेला ने बताया कि यह उपलब्धि न केवल खिलाडिय़ों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि ऐलनाबाद क्षेत्र में शूटिंग खेल के बढ़ते स्तर को भी दशार्ती है। उन्होंने बताया कि 10 मीटर पिस्टल इवेंट में वान्या अरोड़ा, अर्श अरोड़ा, तरणवीर सिंह रंधावा, मनीष सैनी, हर्ष, धैर्य और 10 मीटर राइफल इवेंट में यश कुमार, मानवजीत सिंह, लविश कुमार, श्रेया, कनिष्का खोड़, पायल, अमृतपाल सिंह शामिल हैं। अकादमी के कोच राकेश कुमार ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शूटिंग खेल बच्चों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती है। अकादमी के संचालक अमित फुटेला ने कहा कि आज छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्य शूटिंग स्पोट्र्स अकादमी का उद्देश्य केवल खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि युवाओं को एक सकारात्मक दिशा देना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया की सीमित दुनिया से निकालकर खेलों से जोड़ें। शूटिंग एक ऐसा खेल है, जो बच्चों में मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मनियंत्रण विकसित करता है। अकादमी के खिलाडिय़ों की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अकादमी परिवार ने सभी चयनित खिलाडिय़ों को आगामी नॉर्थ जोन शूटिंग चैम्पियनशिप के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाली प्रतियोगिताओं में भी ऐलनाबाद, सिरसा और हरियाणा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

