– केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष अभियान के तहत ‘मीडिया संवादÓ कार्यक्रम का आयोजन
सिरसा 15 जून (आरएनएस)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष अभियान के तहत सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सिरसा में ‘मीडिया संवादÓ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों के बारे में मीडिया से मुखातिब होते हुए जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि आज भारत देश हर क्षेत्र में आगे बढ रहा है। चाहें वह सैन्य ताकत की बात हो या अर्थव्यवस्था अथवा लोगों के जीवन स्तर में बदलाव का जिक्र हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 व धारा 35ए हटाई वहीं ऑपरेशन महादेव के तहत पहलगाम आतंकी घटना के गुनहगारों को कड़ी सजा दी। वहीं सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, वन रैंक-वन पेंशन तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश को नई दिशा प्रदान की है। अंग्रेजों के समय के पुराने आपराधिक कानूनों को खत्म कर न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और न्याय-केंद्रित बनाया है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत की देन है और आज 190 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है, जोकि भारत की सांस्कृतिक विरासत के वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है। वहीं चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता, आदित्य-एल1 मिशन तथा गगनयान मिशन की तैयारियां भारत की बढ़ती वैज्ञानिक क्षमता का प्रमाण हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश का समग्र विकास ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयासÓ को सार्थक कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। देशभर में 4 करोड़ से अधिक आवासों का निर्माण कर जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लगभग 60 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। देश के 19 हजार से अधिक जन औषधि केंद्रों पर मरीजों को 90 प्रतिशत तक सस्ती दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधा पैसा भेजा गया है, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका लगभग समाप्त हो गई है। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को नए अवसर प्रदान किए हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नि:शुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा रोजगार मेलों के माध्यम से 12 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है। श्री अन्न (मिलेट्स) को वैश्विक पहचान दिलाने में भारत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और कृषि निर्यात में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेस-वे, रेलवे, वंदे भारत ट्रेनों, हवाई अड्डों और बंदरगाहों का तेजी से विस्तार किया गया है। हरियाणा में अब तक 1,390 किलोमीटर लंबे 22 राष्ट्रीय राजमार्ग विकसित किए गए हैं, जिससे प्रदेश का प्रत्येक जिला राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ चुका है। उन्होंने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 16 खेलो इंडिया सेंटर तथा पंचकूला में खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं। वहीं हिसार हवाई अड्डे से अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए हवाई सेवाएं शुरू कर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

