_विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई में सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद, मौके पर होगा निराकरण_
सिवनी/कुरई 15 जून (आरएनएस)। जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार 16 जून को कुरई विकासखंड मुख्यालय में विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा।
जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगी तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगी। इस दौरान नागरिक अपनी शिकायतें, मांगें एवं समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे।
जनसुनवाई में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य एवं सामाजिक न्याय विभाग सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। इससे लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनसुनवाई में उपस्थित होकर शासन-प्रशासन से सीधे संवाद का लाभ उठाएं।
प्रशासन का मानना है कि विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक मजबूत बनाना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

