भोपाल 15 जून (आरएनएस)। श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में बैठे एक छात्र के साथ दो बदमाशों ने चाकू अड़ाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले छात्र के साथ मारपीट की, फिर उसकी जेब से नकदी और ईयरफोन छीन लिया।इसके बाद फोन-पे के जरिए भी रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रविवार की रात की है। जबकि एफआईआर तड़के सुबह दर्ज की गई है।
श्यामला हिल्स थाना प्रभारी नीलम पटवा के मुताबिक 23 वर्षीय दीपू यादव एक निजी कॉलेज का छात्र है। वह अपनी कॉलेज फ्रेंड के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में बैठा हुआ था। इसी दौरान दो युवक हाथ में चाकू लेकर वहां पहुंचे। खतरा देखते हुए छात्र ने अपनी दोस्त को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों बदमाशों ने छात्र को घेर लिया और चाकू की नोक पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसकी जेब में रखे करीब 2 हजार रुपए, ईयरफोन छीन लिए। इतना ही नहीं, धमकाकर छात्र के मोबाइल से फोन-पे के माध्यम से करीब 1200 रुपए भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
वारदात के बाद छात्र थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों का हुलिया लेकर तलाश शुरू की। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान कृष्णा और रितिक के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

