धार/भोपाल 15 जून (आरएनएस)।देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में एमपी एटीएस ने मध्य प्रदेश के धार से एक और संदिग्ध हाजी अजहर को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने सबसे पहले भोपाल से मोहम्मद फराज को गिरफ्तार किया था। इसके बाद नईम अब्दुल्ला को पकड़ा गया। फिर हरियाणा के नूंह से एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए भोपाल लाया गया है। मामले में अब तक चार गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
मोहम्मद फराज और नईम अब्दुल्ला से पूछताछ के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। दोनों की निशानदेही पर हुई कार्रवाई में एजेंसी को कई अहम डिजिटल इनपुट मिले हैं।
एटीएस सूत्रों के मुताबिक फराज के मोबाइल की डिजिटल जांच में ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि वह विदेशी संपर्कों से बातचीत के लिए एक ऐप का इस्तेमाल करता था। जांच टीम चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और डिजिटल गतिविधियों की बारीकी से जांच कर रही है।
एटीएस की जांच में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश राजस्थान और हरियाणा तक आरोपियों का नेटवर्क फैला होने के प्रमाण मिल चुके हैं।
एजेंसी को शक है कि यह नेटवर्क अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है। एजेंसियां संभावित सहयोगियों, संपर्कों और कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर रही हैं।

