इंदौर 15 जून (आरएनएस)।आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने और उसके विकल्प के रूप में उभरने की क्षमता केवल आम आदमी पार्टी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है, जबकि आम आदमी पार्टी जनता के मूलभूत मुद्दों जैसे बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार और महंगाई पर काम करती है।
संजय सिंह सोमवार को इंदौर के आनंद मोहन माथुर सभागृह में आयोजित आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश के राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं पदग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। वे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।
संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के हितों की बजाय बड़े उद्योगपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। साथ ही विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, शहीद भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। सम्मेलन को आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश के प्रभारी एवं दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश सह प्रभारी और दिल्ली के पूर्व विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी, जय भगवान उपकार, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं इंदौर जोन प्रभारी कमल गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री अनुराग यादव सहित प्रदेश और विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का पदग्रहण भी कराया गया। अतिथियों का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मेलन से पूर्व विजय नगर क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की ओर से एक विशाल रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन संजीव वैद्य ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला संगठन मंत्री मोहम्मद अशफाक ने किया।

