महासमुंद 16 जून (आरएनएस) छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं की बड़ी खेप खपाने की साजिश को महासमुंद पुलिस ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर ही नाकाम कर दिया। सटीक मुखबिर सूचना, त्वरित नाकेबंदी और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) तथा थाना कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 815 नग SPASMO PROXYVON Plus कैप्सूल, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन समेत कुल 72 हजार 321 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, नशीली दवाओं की अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NW 3525 पर सवार तीन युवक ओडिशा के केसिंगा से नशीली दवा लेकर रायपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोमाखान पुलिस ने बॉर्डर पर नाकेबंदी कर वाहन को रोका और पूछताछ में आरोपियों ने दवा केसिंगा से खरीदकर स्वयं सेवन करने तथा रायपुर में खपाने के लिए ले जाना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविन्द शर्मा (37 वर्ष), निवासी साहू कलर लैब, श्रीनगर, थाना खमतराई, रायपुर, राकेश जंघेल (31 वर्ष), निवासी अंकाक्षा अपार्टमेंट के पास, श्रीनगर, थाना खमतराई, रायपुर तथा कमलेश कुमार (37 वर्ष), निवासी डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जब्त सामग्री में 815 नशीले कैप्सूल (कीमत 9,321 रुपये), एक मोटरसाइकिल (30 हजार रुपये) और चार मोबाइल फोन (33 हजार रुपये) शामिल हैं। गौरतलब है कि पुलिस की यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा संदेश है और बॉर्डर पर सतर्क निगरानी अपराधियों के मंसूबों पर लगातार पानी फेर रही है।

