सीकर ,16 जून(आरएनएस)। राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा से पहले राजस्थान के सीकर में एक 22 वर्षीय अभ्यर्थी ने अपनी जान दे दी। छात्र की पहचान झुंझुनू के नवलगढ़ निवासी उमेश माली के रूप में हुई है। वह उद्योग नगर थाना क्षेत्र में अपनी बड़ी बहन, छोटे भाई और मां के साथ फ्लैट में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। उसका शव कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से लटका पाया गया।
सोमवार को उमेश अपनी मां को गांव छोड़कर आया था। दोपहर को उसके बहन-भाई फ्लैट में नहीं थे, तभी उसने यह कदम उठाया। जब भाई-बहन घर पहुंचे तो उन्होंने उमेश को फंदे से लटका पाया। छात्र के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है, सॉरी! बहुत दूर जा रहा हूं, पता नहीं कहां जा रहा हूं। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। उमेश को 21 जून को तीसरी बार नीट परीक्षा देनी थी।
यह सीकर में एक महीने के अंदर नीट की तैयारी कर रहे दूसरे अभ्यर्थी ने आत्महत्या की है। इससे पहले झुंझुनूं के गुढ़ागौडज़ी क्षेत्र निवासी प्रदीप माहिच ने फांसी लगाकर जान दी थी। प्रदीप भी सीकर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह नीट परीक्षा रद्द होने से काफी आहत था। प्रदीप का यह तीसरा प्रयास था। उसके परिवार से राहुल गांधी ने मुलाकात की थी। कांग्रेस ने परिजनों को 11 लाख रुपये का चेक सौंपा था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

