गांधीनगर,16 जून(आरएनएस)। गुजरात की राजधानी गांधीनगर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक छात्रावास में रहने वाले 10वीं के छात्र का यौन शोषण किया गया है। घटना सेक्टर-21 थाना क्षेत्र के निजी स्कूल की है, जहां बाहरी छात्रों के लिए छात्रावास की सुविधा है। छात्र से दुष्कर्म का आरोप स्कूल के प्रधानाचार्य के बेटे पर है। पुलिस ने पीडि़त छात्र के माता-पिता की शिकायत पर पॉक्सो और अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
सेक्टर-25 स्थित राज स्कूल में आर्थिक रूप से कमजोर नाबालिग छात्र कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए छात्रावास में रह रहा था। तभी प्रधानाचार्य के बेटे राज पटेल की नजर छात्र पर पड़ी थी। पहले उसने संपर्क किया, फिर कई बार उसे गलत तरीके से छुने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी जबरन छात्रावास के कमरे में उसका यौन उत्पीडऩ करता रहा और पीडि़त को चुप रहने की धमकी दी। छात्र कई मजबूरियों के कारण सहता रहा।
छात्र बोर्ड परीक्षा के बाद अपने पैतृक गांव लौट गया। आरोप है कि यहां भी राज पटेल छात्र को फोन कॉल और ब्लैकमेल करता रहा और बात मनवाने की कोशिश की। लगातार यौन उत्पीडऩ से परेशान छात्र गुमसुम रहने लगा। छात्र का जब परिणाम आया तो उसका खराब प्रदर्शन देखरकर माता-पिता ने उससे बात की। इसके बाद छात्र ने अपने साथ हुए उत्पीडऩ का खुलासा किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

