नई दिल्ली,16 जून(आरएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पार्टी के गोवा सह-प्रभारी दीपक सिंगला और उनके परिवार से जुड़े लोगों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा है. जिस मामले को लेकर कार्रवाई हो रही है, उसकी शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी और उस मामले में जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है. मुकदमे की प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बावजूद लगातार छापेमारी और गिरफ्तारियां की जा रही हैं. यह भी आरोप लगाया कि दीपक सिंगला के भाई रमन सिंगला, उनके रिश्तेदारों और पार्टी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं के यहां भी ईडी की ओर से छापेमारी की गई है.
आप सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाकर उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता है. इससे पहले भी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, नेता सत्येंद्र जैन और अन्य नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई थी.
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ तो सख्त रुख अपनाती है, लेकिन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर अपेक्षित तरीके से प्रतिक्रिया नहीं देती. आम आदमी पार्टी ऐसी कार्रवाइयों से डरने वाली नहीं है और पार्टी अपने राजनीतिक संघर्ष को जारी रखेगी.
संजय सिंह ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों के दबाव का इस्तेमाल कर राजनीतिक दलों को कमजोर किया जा रहा है. कई नेता जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद भाजपा में शामिल हुए हैं और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है. वहीं पंजाब से जुड़े एक सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि उस विषय पर पार्टी जल्द ही अपना आधिकारिक बयान जारी करेगी. फिलहाल वह उस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

