लखनऊ 16 जून (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा है कि मऊ, मधुबन और पूरे पूर्वांचल क्षेत्र की रेल सुविधाओं को मजबूत और जनोपयोगी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने तथा यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि के उद्देश्य से केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष पूर्वांचल की रेल सेवाओं के विस्तार और नई सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे थे। अप्रैल माह में दोहरीघाट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री के ऑनलाइन संबोधन में जिन रेल परियोजनाओं और सेवाओं पर चर्चा हुई थी, उन्हें अब अमलीजामा पहनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया गया है।उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की जनता को जल्द ही कई महत्वपूर्ण रेल सुविधाओं का लाभ मिलने जा रहा है। इसके तहत दोहरीघाट-औंडि़हार नई मेमू ट्रेन का संचालन वाराणसी तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को वाराणसी तक सीधी और सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिलेगा। इसके अलावा मऊ से आनंद विहार (दिल्ली) के लिए चलने वाली विशेष ट्रेन का नियमित संचालन प्रारंभ किया जाएगा, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।ए.के. शर्मा ने बताया कि छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन भी मऊ के रास्ते किया जाएगा। इससे पूर्वांचल के लोगों को राजधानी दिल्ली तक पहुंचने के लिए एक नया और बेहतर रेल विकल्प उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक विकास को भी नई गति मिलेगी।उन्होंने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें अवगत कराया है कि इन सभी रेल सेवाओं का शुभारंभ आगामी 19 जून 2026 से किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री छपरा से ऑनलाइन जुड़कर जनता को संबोधित करेंगे और नई रेल सेवाओं का शुभारंभ करेंगे।मंत्री ने मऊ, मधुबन तथा पूरे पूर्वांचल की जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से आवागमन आसान होगा, यात्रियों का समय बचेगा और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही रोजगार, व्यापार और पर्यटन की संभावनाओं को भी बल मिलेगा।ए.के. शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से पूर्वांचल में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुख नीतियों के कारण पूर्वांचल को लगातार नई सौगातें मिल रही हैं।उन्होंने क्षेत्रवासियों से 19 जून को मऊ रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता का कार्यक्रम है। जनता की भागीदारी ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता होगी। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाओं का शुभारंभ पूर्वांचल के विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा और इससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल संबंधी मांगों को भी काफी हद तक पूरा किया जा सकेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

