भोपाल 16 जून (आरएनएस)। निशातपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात घर लौट रहे एक पत्रकार को बदमाशों ने कथित रूप से चाकू की नोक पर बंधक बनाकर 32 हजार रुपए की लूट कर ली। आरोप है कि बदमाशों ने पत्रकार को एक कमरे में ले जाकर परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाए और अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। पत्रकार अनुज मीणा अपना काम खत्म कर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निशातपुरा क्षेत्र में एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी।
अनुज के मुताबिक उन्होंने लिफ्ट देने से इनकार कर दिया। इसके बाद एक युवक अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया।
पीडि़त का आरोप है कि बाइक गिरने के तुरंत बाद वहां पहले से मौजूद तीन अन्य युवक भी पहुंच गए। बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और जबरन पास के एक कमरे में ले गए। कमरे में ले जाकर आरोपियों ने नकदी की मांग की। पर्याप्त राशि नहीं मिलने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए परिचितों से ऑनलाइन पैसे मंगवाने के लिए दबाव बनाया।
अनुज मीणा के अनुसार आरोपियों ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 32 हजार रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। घटना के बाद उन्हें करीब रात 3 बजे छोड़ा गया।
निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

